प्रतिदिन विद्यालय आने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प 👉 बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर बनी अनुप्रिया कुमारी
(आलोक कुमार तिवारी)

प्रतिदिन विद्यालय आने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
👉 बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर बनी अनुप्रिया कुमारी
कुशीनगर । दुदही विकास खंड के ग्राम पंचायत चाफ में स्थित संविलियन विद्यालय चाफ खास में वार्षिक परीक्षाफल एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, कविता व अन्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। शैक्षिक सत्र 2024-25 के वार्षिक परीक्षाफल की घोषणा के साथ विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों के साथ 90 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। पूरे विद्यालय स्तर पर शीर्ष तीन स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। गायत्री परिवार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सफल प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। वहीं, इको क्लब से जुड़े विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय को मिले ‘निपुण विद्यालय’ प्रशस्ति पत्र को कक्षा 1 व 2 के बच्चों को समर्पित करते हुए उनके उत्साह को सराहा गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय आने और संस्कारपूर्ण शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने का संदेश दिया। इस अवसर पर छात्रों ने मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने आस-पड़ोस में कम से कम पांच पौधे लगाने व उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्रधानाध्यापक अलाउद्दीन अंसारी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया। ग्राम प्रधान अशुतोष कुमार कुशवाहा, नोडल संकुल व जूनियर शिक्षक संघ के मंत्री योगेंद्र शर्मा, पूर्व एबीआरसी राजेश प्रसाद, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक अमित श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
अनुप्रिया बनीं बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर
👉कक्षा 7 की छात्रा अनुप्रिया कुमारी को उनकी सर्वांगीण प्रतिभा और अनुशासित शैक्षणिक योगदान के लिए ‘बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ का खिताब दिया गया। अनुप्रिया नियमित उपस्थिति, पढ़ाई में उत्कृष्टता और सहगामी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनी हैं। समारोह में सम्मानित होकर उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय रहने का संकल्प लिया।





