जनपद स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस चार नवंबर को (1) डायट कुशीनगर में सुबह 10 से शाम चार बजे तक होगा आयोजन (2) उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य दीनानाथ ने जारी किए निर्देश
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के तहत जनपद स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता

(आलोक कुमार तिवारी)
कुशीनगर । राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के तहत जनपद स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता का आयोजन चार नवंबर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) कुशीनगर में किया जाएगा। प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आयोजित होगी। इस संबंध में उप शिक्षा निदेशक एवं डायट प्राचार्य दीनानाथ ने जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन, माध्यमिक, संस्कृत माध्यमिक तथा सीबीएसई व आईसीएसई विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
पत्र के अनुसार प्रतियोगिता में 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग के जूनियर तथा 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के सीनियर विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। विद्यार्थी विज्ञान से जुड़े निर्धारित विषयों पर स्थानीय समस्याओं का चयन कर वैज्ञानिक विधि से प्रोजेक्ट तैयार करेंगे और उसे मॉडल, पोस्टर तथा चार्ट के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच, शोधपरक दृष्टिकोण और रचनात्मक क्षमता का विकास करना है। डायट प्राचार्य ने निर्देश दिया है कि जिन विद्यार्थियों का पोर्टल पर पंजीकरण हो चुका है, उनका रजिस्ट्रेशन और प्रोजेक्ट सारांश अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड कराया जाए। किसी भी विद्यार्थी का विवरण अपलोड न होने पर वह प्रतियोगिता के अगले स्तर के लिए पात्र नहीं होगा।
जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को प्रोजेक्ट फाइल की दो प्रतियां, लॉगबुक की दो प्रतियां तथा चार्ट पोस्टर साथ लाना होगा। विद्यालयों में विज्ञान एवं गणित अध्यापकों की टीम बनाकर पंजीकृत विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट का मूल्यांकन कराने के बाद चयनित प्रतिभागियों की सूची जिला समन्वयक राम प्रकाश पांडेय को व्हाट्सएप नंबर 9415827444 पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। प्रोजेक्ट मूल्यांकन और अन्य आवश्यक जानकारी के लिए राम प्रकाश पांडेय से संपर्क किया जा सकता है।





