कुशीनगर । राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने बुधवार को पितृ विसर्जन के दिन जनपद के बेसिक स्कूलों में स्थानीय अवकाश के लिए जिलाधिकारी को संबोधित पत्रक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की अनुपस्थिति में कार्यालय को प्राप्त कराया।
सौंपे गए पत्रक में बताया गया है कि पौराणिक सांस्कृतिक व लोक आस्था के पर्व पितृ विसर्जन का पूर्व में शासन द्वारा अवकाश दिया जाता रहा है। इस वर्ष इस दिन अवकाश घोषित नहीं किया गया है। पितृ विसर्जन के दिन सभी हिन्दू अपनी धार्मिक मान्यता के अनुसार अपने पितरों के लिए तर्पण आदि कार्य करते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए जनपद कुशीनगर में पितृ विसर्जन जो की 14 अक्टूबर को पड़ रहा है के दिन स्कूलों में स्थानीय अवकाश की मांग जिलाधिकारी कुशीनगर से की गई। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजेश शुक्ल,जिलाध्यक्ष अविनाश शुक्ल,महेश कर्णधार,चंद्र प्रकाश दुबे आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।





