राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री के हाथों पुरस्कृत होंगे कुशीनगर के सूर्य प्रताप

कुशीनगर । युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के जन्मदिन 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री प्रदेशभर के नौ युवाओं को पुरस्कृत करेंगे। इसमें जनपद के सदर विकास खंड के ग्राम पंचायत रहसू निवासी शिक्षक महेंद्र प्रताप मिश्र व अनीता के प्रथम पुत्र सूर्य प्रताप मिश्र भी शामिल हैं। जनपद में पहली बार इन्हें यह पुरस्कार प्राप्त होने का गौरव मिला है। सूर्य प्रताप बचपन बचाओ आंदोलन के राज्य समन्वयक हैं। एक मानवाधिकार व सामाजिक कार्यकर्ता के रुप में इन्होंने बाल दासता के विभिन्न रूपों के उन्मूलन व मानव संघर्ष में सात वर्षों से अधिक योगदान दिया है। नोबल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी की मुहिम व उनके मार्गदर्शन में जुड़े सूर्य प्रताप बचपन बचाओ आंदोलन के राज्य समन्वयक के रूप में काम करते रहे हैं। बाल अधिकारों पर कार्य करने व बाल संरक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु उप्र के राज्यपाल से उन्हें प्रशंसा पत्र मिल चुका है। रेडक्रॉस सोसायटी उत्तर प्रदेश में आजीवन सदस्य सूर्यप्रताप ने कोविड-19 के बाद 194 बच्चों को तस्करी से बचाया गया। सूर्य प्रताप मिश्र कहते हैं कि किसी राष्ट्र की मजबूत नींव के लिए नौनिहालों को उनका अधिकार दिलाना होगा। सूर्य प्रताप को पुरस्कार के रूप में 50 हजार की नकद राशि, स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
पुरस्कार व उपलब्धि
(1) मानव संसाधन प्रबंधन में विशेषज्ञता के साथ लखनऊ विश्वविधालय के समाज कार्य में स्नातक व समाज कार्य विषय से परास्नातक
(2) एजुकेशन फ्यूचर इंटरनेशनल स्कॉलरशिप के राउंड 2 के लिए चयनित
(3) उत्तर प्रदेश में बाल अधिकारों पर कार्य करने एवं बाल संरक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु राज्यपाल से प्रशंसा
(4) एटा जिले में ईंट भट्टे से 131 बंधुआ मजदूरों को मुक्त कराने के लिए न्यायमूर्ति बाला कृष्ण नारायण (अध्यक्ष उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग) से प्रशंसा पत्र
(5) उत्तर प्रदेश के बस/रेलवे स्टेशनों पर बाल तस्करी से निपटने के लिए कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर से सम्मानित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप 194 बच्चों को कोविड-19 के बाद तस्करी से बचाया गया।
(6) रेडक्रॉस सोसायटी उत्तर प्रदेश में आजीवन सदस्य।
(7) एनसीसी “सी” प्रमाणपत्र प्राप्तकर्ता
(8) नेहरू पर्वतारोहण संस्थान से “ए” ग्रेड के साथ पर्वतारोहण





