

कुशीनगर । बुद्ध पीजी कालेज कुशीनगर के बीएड विभाग द्वारा गुरुवार को एक राष्ट्र, एक चुनाव विषयक दो दिवसीय वाद- विवाद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उदघाटन करते हुए फाजिलनगर विधायक सुरेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि यह विषय देश का सबसे ज्वलंत मुद्दा है। इस पर देश में खास कर युवाओं के बीच पर्याप्त चर्चा होनी चाहिए। कहा कि विश्व के अनेक देशों में राष्ट्रपति प्रणाली की व्यवस्था है। भारत में भी 1967 तक लोकसभा व विधानसभा चुनाव एक साथ होते थे। आज स्थिति यह है कि प्रत्येक माह देश के किसी न किसी कोने में चुनाव होते रहते है। इससे सरकार का कार्य प्रभावित होता है। बार बार चुनाव होने से काफी धन भी खर्च होता है। विशिष्ट अतिथि शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने एक राष्ट्र एक चुनाव को देश की आवश्यकता बताया। अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रो विनोद मोहन मिश्र ने कहा कि एक साथ चुनाव कराने से समय व धन की बर्बादी रुकेगी लेकिन कुछ नई समस्याएं भी आएंगी।

इसपर व्यापक विचार विमर्श भी होना चाहिए। अतिथि परिचय व स्वागत उत्तर प्रदेश युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष प्रो विभ्राट चंद्र कौशिक ने किया। विषय प्रवर्तन करते हुए निर्णायक मंडल के सदस्य प्रो गौरव तिवारी ने कहा कि ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए की। एक साथ चुनाव कराने की स्थिति में जनता के अधिकार सीमित न हो जाय। संचालन कृष्ण कुमार जायसवाल ने किया। कार्यक्रम में जनपद के एक दर्जन शिक्षण संस्थाओं के छात्र छात्राओं ने भाग लिया। अमन कुशवाहा , प्रियांशी मिश्रा, निक्की यादव सहित कुल 34 प्रतिभागियों ने अपने विचार व्यक्त किया। विजेताओं की घोषणा व पुरस्कार वितरण शुक्रवार को दोपहर 12 बजे समापन सत्र में किया जाएगा। इस दौरान निर्णायक मंडल के सदस्य प्रो हरिशंकर पाण्डेय व प्रो महबूब आलम रहे। डॉ निगम मौर्य, प्रो इन्द्रासन प्रसाद, डॉ अनुज कुमार, डॉ दुर्गविजय पाल सिंह, विवेक श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।





