उत्तरप्रदेशकुशीनगरटेक्नोलॉजीदेश
तमकुहीराज में 31 अक्टूबर से सजेगा नारायणी रॉकेट्री कप (1) देशभर की 76 छात्र टीमें लेंगी हिस्सा, नारायणी तट पर दिखेगा रॉकेट विज्ञान का रोमांच
राष्ट्रीय स्तर की IN-SPACE नारायणी रॉकेट्री कप-2026 प्रतियोगिता

(आलोक कुमार तिवारी)
कुशीनगर । कुशीनगर जिले के तमकुहीराज में 31 अक्टूबर से तीन नवंबर तक राष्ट्रीय स्तर की IN-SPACE नारायणी रॉकेट्री कप-2026 प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कुशीनगर के एक रिसॉर्ट में रविवार को हुई प्रेस वार्ता में विस्तृत चर्चा हुई। नारायणी नदी के तट पर होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर के विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों की 76 छात्र टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें 48 टीमें कैनसेट और 28 टीमें मॉडल रॉकेट्री श्रेणी में अपनी तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। आयोजन में करीब 608 छात्र और 150 शिक्षक व मेंटर शामिल होंगे।
प्रेसवार्ता में देवरिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि लगातार दूसरे वर्ष तमकुहीराज में राष्ट्रीय स्तर की रॉकेट्री प्रतियोगिता होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इससे युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान, आधुनिक तकनीक और नवाचार को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल उनकी दस वर्षीय विकास रणनीति ‘अमृत प्रयास’ के उद्देश्यों के अनुरूप है। इससे युवाओं के साथ किसानों और ग्राम प्रधानों में भी तकनीक के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक ने कहा कि इस तरह के आयोजन से क्षेत्र में वैज्ञानिक सोच और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। वहीं IN-SPACE के प्रमोशन निदेशालय के निदेशक एवं एएसआई के कार्यकारी सचिव डॉ. विनोद कुमार ने प्रतियोगिता को विद्यार्थियों को अंतरिक्ष तकनीक की व्यावहारिक समझ देने की महत्वपूर्ण पहल बताया। श्रीनारायणी साइंस डेवलपमेंट फाउंडेशन के निदेशक मनीष बजाज ने आयोजन की तैयारियों और उद्देश्य की जानकारी दी। भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय और सेवरही ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धनंजय तिवारी ने भी प्रतियोगिता को क्षेत्र के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। प्रतियोगिता में छात्र मॉडल रॉकेट तैयार करने, डिजाइन व विकास, पेलोड को निर्धारित ऊंचाई तक पहुंचाने और उसे सुरक्षित वापस लाने जैसी तकनीकी चुनौतियों पर काम करेंगे। कैनसेट छोटे उपग्रह जैसे उपकरण होंगे, जिनमें विभिन्न तकनीकी उपकरण लगाए जाएंगे। आयोजन से विद्यार्थियों में रॉकेट्री, पेलोड डिजाइन, मिशन प्रबंधन, टीमवर्क और समस्या समाधान जैसे कौशल विकसित होंगे। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक से जोड़ना तथा भविष्य के वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और तकनीकी उद्यमियों के लिए नई संभावनाएं तैयार करना है। इस दौरान तमकुही राज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजय राय उपस्थित रहे।





