
कुशीनगर । बुद्ध पीजी कालेज कुशीनगर में कम्युनिटी साइकोलॉजी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीपीएआई) व मनोविज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे सप्तदिवसीय कार्यशाला के चौथे दिन गुरुवार को शोधार्थियों को शोध विधियों की विस्तृत जानकारी दी गयी। प्रथम सत्र में सीपीएआई के महासचिव प्रो रामजी लाल ने व्याख्यानों की रूप रेखा प्रस्तुत की। कार्यशाला समन्यवक प्रो अमृतांशु कुमार शुक्ल वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो अजय प्रताप सिंह का स्वागत किया व परिचय दिया। प्रो सिंह ने एक चरीय व बहु चरीय विश्लेषण विषय पर व्याख्यान देते हुए सामाजिक विज्ञान में विश्लेषण के प्रयुक्त होने वाले साफ्टवेयर एसपीएसएस की सहायता से प्रदत्त विश्लेषण को विस्तारपूर्वक प्रदर्शित किया। उन्होंने शोधार्थियों को शोध करने के लिए सांख्यकीय विधियों की विस्तृत जानकारी दी। द्वितीय सत्र में हरियाणा के जिंद स्थित रणवीर सिंह विश्वविद्यालय के वाणिज्य व प्रबंधन विभाग के अधिष्ठाता प्रो संजय कुमार सिन्हा ने प्रदत्त प्रबंधन विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने मनोवैज्ञानिक शोध में प्रदत्त संग्रह, प्रदत्त प्रक्रमण व प्रदत्त विश्लेषण से जुड़ी बारीकियों को समझाया। कार्यशाला में ऑनलाइन व ऑफलाइन मोड में 121 शोधार्थियों ने प्रतिभाग किया। संचालन वीरेन्द्र साहू व धन्यवाद ज्ञापन डॉ रीना मालवीय ने किया।





