विश्व पर्यटन दिवस पर वियतनाम व श्रीलंका के पर्यटकों ने किया महापरिनिर्वाण मंदिर में दर्शन

कुशीनगर । कुशीनगर में शुक्रवार को वियतनाम और श्रीलंका के आये पर्यटकों ने महापरिनिर्वाण बुद्ध मंदिर स्थित बुद्ध की लेटी प्रतिमा पर चीवर चढ़ाकर पूजा अर्चना कर विश्व पर्यटन दिवस मनाया। भन्ते अशोक ने महापरिनिर्वाण मन्दिर में पूजन कराया। पर्यटकों में 50 श्रीलंका तथा 30 वियतनाम के रहे। इस अवसर पर होटल पथिक निवास, लोट्स निक्को होटल व अन्य होटलों के मुख्य प्रवेश द्वार पर पर्यटकों के स्वागत के लिए बैनर लगाया गया। उन्हें विशेष छूट भी दी गयी। विश्व में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रति वर्ष विश्व पर्यटन दिवस मनाया जाता है। इसका प्रारम्भ संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन द्वारा हुआ। पहला विश्व पर्यटन दिवस 1980 में आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक व सांस्कृतिक मूल्यों को प्रभावित करने में पर्यटन के महत्व को लेकर जागरूकता उत्पन्न करना है। इस दौरान भन्ते अशोक, मुमताज अहमद अंसारी, पंकज कुमार, रितेश दूबे, गौकर्ण सिंह , मनीषा प्रजापति आदि मौजूद रहे।





