
नव बासिंदे डाकघर में दर्ज नहीं करते पता, पोस्टमैन होता परेशान
कुशीनगर । अंतरराष्ट्रीय पर्यटक केंद्र कुशीनगर में बाहर से आकर अनेक लोग मकान बनाकर रहते हैं। अनेक लोग विभिन्न संस्थाएं खोलकर कार्य भी करते हैं, लेकिन इनमें से कोई अपना डाकखाना में उपस्थिति (पता व लोकेशन) दर्ज कराने नहीं जाता है। जब कुशीनगर डाकघर में उनकी कोई डाक सामग्री आती है तब उस समय पोस्टमैन को डाक सामग्री सम्बंधित व्यक्ति को पहुंचाने में काफी असुविधा होती है। पोस्टमैन को व्यक्ति को ढूढ़ने में कठिनाई होती है। डाक सामग्री की डेलिवरी भी तत्काल नहीं हो पाती है। यहां के पोस्टमैन को कठिनाई और भी अधिक होती है क्योंकि उसके क्षेत्र में कुशीनगर सहित लगभग 45 गांव/टोला हैं। पोस्टमास्टर जितेंद्र पांडेय ने बताया कि अब तक क्षेत्र में नया आकर बसने या कार्य करने वाला कोई भी व्यक्ति अपना पता व लोकेशन दर्ज नहीं कराया है। इससे स्टाफ को काफी असुविधा होती है। ऐसे लोगों को स्वयं और डाकघर की सुविधा के लिए अपनी उपस्थिति दर्ज करा देना चाहिए ताकि समय से उनकी डाक सामग्री उन तक पहुंच जाय।





