कुशीनगर । तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत राजापाकड़ के गोपलापट्टी निवासी व गत 28 नवंबर को मार्ग दुर्घटना में घायल तीस वर्षीय युवक का गोरखपुर स्थित एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां बुधवार की देररात दो बजे उसकी मौत हो गई। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बताते चलें कि राजापाकड़ के धर्मपुर नहर चौराहा पर बारातियों को लेकर जा रही अनियंत्रित बस ने दो बाइकों को रौंदने के बाद आधा दर्जन लोगों को घायल कर दिया। घटना में उक्त गांव निवासी राजू यादव बुरी तरह घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट लगने से वह अचेत हो गया। उसे तमकुही सीएचसी से गोरखपुर रेफर कर दिया गया। जहां एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। जहां उसकी मौत हो गई। गुरुवार को सुबह परिजन शव थाने ले गए जहां पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया जहां परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीकृत है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।





