
म्यांमार मंत्री ने महापरिनिर्वाण मन्दिर का किया दर्शन, चढ़ाया चीवर

कुशीनगर । म्यांमार के धार्मिक मामले और संस्कृति मंत्रालय के मंत्री उ तिन ऊ लविन और धर्मिक विकास व प्रसार विभाग के महानिदेशक सु मिन तुन ने मंगलवार को अपने दो दिवसीय धार्मिक यात्रा के दौरान कुशीनगर के महापरिनिर्वाण बुद्ध मन्दिर में तथागत की प्राचीन लेटी हुई प्रतिमा पर चीवर चढ़ा कर पूजन किया। वे इससे पहले 2015 में राजदूत रहते हुए कुशीनगर का दौरा कर चुके है। वे सिंगापुर, श्रीलंका व द अफ्रीका के राजदूत रह चुके है। इससे पूर्व उन्होंने रामाभार स्तूप, बुद्ध धातु वितरण स्थल, माथाकुँवर मंदिर का भी दर्शन पूजन किया। बताते चले वे बिहार के बोधगया ,नालन्दा, राजगीर, वैशाली से होते हुए सोमवार की शाम कुशीनगर पहुँचे थे। यहां उन्होंने इम्पीरियल होटल में रात्रि विश्राम किया। दोपहर का लंच करने के बाद दल लुम्बिनी (नेपाल) के लिए रवाना हो गया। यह दल 26 अक्टूबर को भारत पहुँचा था। दो नवम्बर को सारनाथ का दर्शन के बाद यह दल वापस होगा। इस दौरान तहसीलदार हाटा नरेन्द्र राम, लेखपाल नीलेश रंजन राव, पर्यटन पुलिस थानाध्यक्ष बबलू कुमार सोनकर मय फोर्स मौजूद रहे।





