एफआईआर वापस न होने पर 11 मार्च से शिक्षक विधायक जिलाधिकारी कार्यालय पर करेंगे धरना

कुशीनगर । शिक्षक विधायक ध्रुव प्रसाद त्रिपाठी ने जनता इंटर कालेज सोहसा मठिया से हाई स्कूल अंग्रेजी की उत्तर पुस्तिका का बंडल गायब होने के बाद जिला प्रशासन द्वारा संकलन केंद्र प्रभारी के विरुद्ध किये गए कार्यवाही की घोर निंदा किया । समय से बंडल न पहुँचने की सूचना देने के बाद भी जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग यदि संकलन केन्द्र प्रभारी को उत्तरदायी मानता है तो जिला विद्यालय निरीक्षक व एसडीएम कसया ये दोनों कार्यवाही से कैसे वंचित हो रहे है। वह बुद्धनगरी के विशुनपुरा में स्व कमलेश सिंह के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। शिक्षक विधायक होने के नाते डीएम से मैं यह जानकारी चाहता हूं। कोठार प्रभारी द्वारा दिन में 2.10 बजे बंडल न पहुंचने की सूचना दी गयी। केंद्र व्यवस्थापक उमेश उपाध्याय द्वारा दूरभाष से 3.18 बजे जिविनि को सूचित किया गया। संकलन केंद्र प्रभारी ने शाम तक कोई कार्यवाही न होने पर इसकी लिखित सूचना भी दी गयी। इसके बाद जिविनि द्वारा छः बजे तक कोई कार्यवाही नहीं की गयी। जिला प्रशासन बतावे कि उन पर उन्हें क्यों छोड़ दिया गया। बिना दोष के केंद्राध्यक्ष को अपराधी बना देने की जिला प्रशासन की प्रवृत्ति घोर निन्दनीय है। मण्डलीय माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा जिला प्रशासन की इस कृत्य का विरोध किया जाएगा। 10 मार्च तक यदि प्रशासन एफआईआर वापस नहीं लेता है तो मैं स्वयं 11 मार्च को 11 बजे डीएम ऑफिस पर धरने पर बैठूँगा। कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो शिक्षक साथियों के साथ जेल जाने को तैयार हूँ। जिला प्रशासन जो भी उत्पीड़न की कार्यवाही करें। उसके लिए तैयार हूँ। प्रशासन का यह कार्यवाही सरासर ज्यादती है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वार्ता स्थल से ही उन्होंने शिक्षा निदेशक डॉ महेन्द्र देव और सचिव (प्रयागराज) भगवती सिंह से दूरभाष पर वार्ता कर बताया कि निदेशक ने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए मैं वार्ता करता हूँ जबकि सचिव ने कहा कि जेडी ने जो रिपोर्ट दिया है उसमें संकलन केंद्र का कोई दोष नहीं माना है। वार्ता के बाद विधायक शिक्षक नेतागण दिग्विजय नाथ पाण्डेय, श्याम नारायण सिंह, दुर्गेश मिश्र, ओमप्रकाश सिंह, अनिल कुमार दूबे, महेन्द्र पाण्डेय, लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी, अभिनव कुमार सिंह, गोविंद प्रसाद वर्मा आदि के साथ डीएम से वार्ता करने जिला मुख्यालय रवाना हो गए।





