वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राम दरबार व पंचमुखी हनुमान की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न 👉 प्रतिमाओं की स्थापना जयकारों से गूंजा वातावरण 👉 गुलाल-अबीर व पुष्पवर्षा से माहौल हुआ भक्तिमय
(आलोक कुमार तिवारी)

कुशीनगर । तमकुही विकास खंड के ग्राम पंचायत राजापाकड़ स्थित प्राचीन शिवमंदिर परिसर में आयोजित सप्तदिवसीय श्री विष्णु महायज्ञ सह प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तहत शुक्रवार को नवनिर्मित श्रीराम दरबार मंदिर व श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में देव प्रतिमाओं की विधिवत स्थापना की गई। शुभ मुहूर्त में संपन्न हुए इस अनुष्ठान के दौरान पूरे परिसर में जय श्रीराम, बजरंगबली की जय व हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

अयोध्याधाम से पधारे यज्ञाचार्य पं. रामजस मिश्र व उपाचार्य पं. पुरुषोत्तम पांडेय के नेतृत्व में यज्ञ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान संपन्न कराया। प्राण प्रतिष्ठाकर्ता महंत श्यामदास उर्फ बालक दास ने विधि-विधान से देव प्रतिमाओं में प्राण प्रतिष्ठित किए। महंत ने मंदिरों का नामकरण क्रमशः जानकी रमण सरकार व अंजनी नंदन मंदिर किया। मंत्रोच्चार व शंखध्वनि के साथ जैसे ही अनुष्ठान पूर्ण हुआ, श्रद्धालुओं ने गुलाल, अबीर व फूलों की पंखुड़ियां उड़ाकर हर्ष व्यक्त किया। पूरा परिसर भक्तिमय उल्लास से भर उठा। गुरुवार की रात्रि कथावाचक द्वारा झांकी के साथ रामविवाह की मार्मिक कथा का वाचन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के पूर्व भीखम सिंह, राणाप्रताप सिंह, प्रबंधक रंजीत यादव, धनंजय मिश्र, टिंकू सिंह, दिनेश्वर यादव, विनोद उर्फ गुड्डू यादव, अशोक शर्मा, जोखू यादव, माधव कुशवाहा सहित अन्य अतिथियों ने व्यासपीठ का पूजन किया। इस अवसर पर आयोजक हरिदास, अध्यक्ष राजू यादव, संयोजक सत्यनारायण यादव, व्यवस्थापक मुकेश यादव, भोलू यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन व श्रद्धा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला, जिससे राजापाकड़ का यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।





