कैशलेस चिकित्सा सुविधा से रसोइयों को मिली बड़ी राहत, सम्मान के साथ बढ़ा सामाजिक सुरक्षा का भरोसा
भरोसा (1) रसोइया कल्याण (2) मानदेय और ड्रेस मद में वृद्धि के साथ सामाजिक सुरक्षा की पहल से रसोइयों का बढ़ा उत्साह (3) विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका महत्वपूर्ण

कैशलेस चिकित्सा सुविधा से रसोइयों को मिली बड़ी राहत, सम्मान के साथ बढ़ा सामाजिक सुरक्षा का भरोसा
(1) रसोइया कल्याण
(2) मानदेय और ड्रेस मद में वृद्धि के साथ सामाजिक सुरक्षा की पहल से रसोइयों का बढ़ा उत्साह
(3) विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका महत्वपूर्ण
कुशीनगर । प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने की पहल ने उनके चेहरे पर खुशी ला दी। रविवार को ब्लाक सभागार सेवरही में आयोजित सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम में रसोइयों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रसोइया और शिक्षक शामिल हुए। सभी ने मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण सुना। रसोइयों के लिए की गई घोषणाओं की जानकारी मिलने के बाद कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल रहा।
मुख्य अतिथि नगर पंचायत सेवरही अध्यक्ष प्रतिनिधि त्रिभुवन जायसवाल ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को समय से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे प्रधानमंत्री पोषण योजना को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार ने सामाजिक सुरक्षा की गारंटी, मानदेय में वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और ड्रेस मद में बढ़ोतरी कर रसोइयों के सम्मान और हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर कार्य करने वाले लोगों के कल्याण के लिए उठाए जा रहे कदम सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाते हैं। खंड शिक्षा अधिकारी दुदही रीता गुप्ता ने कहा कि रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलने से उनमें नई ऊर्जा का संचार होगा। यह पहल उनके कार्य के प्रति सम्मान बढ़ाने के साथ ही उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत करने वाली है। खंड शिक्षा अधिकारी तमकुही सुधीर कुमार ने कहा कि निर्धारित मीनू के अनुसार बच्चों के लिए पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार करना रसोइयों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कैशलेस चिकित्सा सुविधा उनके लिए ही नहीं, बल्कि उनके परिवार के लिए भी बड़ी राहत है। खंड शिक्षा अधिकारी सेवरही अमितेश कुमार ने कहा कि रसोइये विद्यालय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके परिश्रम से बच्चों को नियमित रूप से भोजन उपलब्ध होता है। उन्होंने रसोइयों के कार्यों की सराहना करते हुए पूरी निष्ठा से दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पात्र रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्ड मिलने पर रसोइयों में खुशी दिखाई दी। छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण को आकर्षक बना दिया। संचालन एआरपी जितेंद्र गोंड ने किया। इस अवसर पर अरुणेंद्र राय, मद्धेश मिश्र, शंभू यादव, धर्मेंद्र सिंह, अजय कुशवाहा, अंजनी सिंह, राजू सिंह, राजेश तिवारी, शैलेंद्र सिंह, शैलेष शाही, नंदकिशोर प्रसाद, तीर्थ राज, मनोज कुमार, संतोष राय, कन्हैया कुमार, दीपेश कुमार, अमरेंद्र, विकास तिवारी, राजकिशोर सिंह, मीना, किसनावती, मंजू आदि उपस्थित रहे।





