कुशीनगर। जागृति उद्यम केंद्र पूर्वांचल की ओर से मंगलवार को बुद्ध पीजी कालेज कुशीनगर में उद्यमिता की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें कालेज के छात्र-छात्राओं को टेक शक्ति प्रोग्राम के तहत डिजिटल बिजनेस मॉडल की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि प्राचार्य प्रोफेसर विनोद मोहन मिश्र ने कहा कि डिजिटल बिजनेस मॉडल नए दौर की मांग है। इसे अपनाकर युवा तरक्की के द्वार खोल सकते हैं। जागृति की यह पहल काफी सराहनीय है। इससे कुशीनगर के युवाओं को नया आयाम मिलेगा। कार्यक्रम संयोजक असिस्टेंट प्रोफेसर डा. श्वेता भट्ट ने कहा कि डिजिटल एक ऐसा प्लेटफार्म है जिसे अपनाकर युवा घर बैठे रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। टेक शक्ति प्रोजेक्ट के तहत जागृति की ओर से संचालित डिजिटल बिजनेस मॉडल कुशीनगर में नए संभावनाओं की राह आसान करेगा। रिसर्च मैनेजर खूशबू शर्मा ने छात्र-छात्राओं को टेक शक्ति प्रोग्राम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि डिजिटल बिजनेस मॉडल को अपनाकर महिलाएं भी अपनी पहचान बना सकती हैं। उद्योम कोर सौरभ जायसवाल ने ग्राफिक्स डिजाइन, कंटेंट क्रिएटर, वर्चुअल रियलिटी, मृदा परीक्षण आदि बिजनेस मॉडल के बारे में बताया। आभार ज्ञापन डॉक्टर राकेश कुमार चतुर्वेदी ने किया । इस दौरान डॉ मनीष जायसवाल, प्रोफेसर इंद्रासन प्रसाद, डॉक्टर रितेश कुमार सिंह, दुर्गेश राय, मनीष तिवारी, दिव्या पांडेय, सीएलएफ लीडर ममता कुशवाहा, अतुल शुक्ला, धीरज त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।