खेल से बच्चों में अनुशासन व नेतृत्व का विकास होता है : विधायक 👉 रामकोला में सम्पन्न हुई ब्लाक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता
(आलोक कुमार तिवारी)

खेल से बच्चों में अनुशासन व नेतृत्व का विकास होता है : विधायक
👉 रामकोला में सम्पन्न हुई ब्लाक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता
कुशीनगर । गुरुवार को रामकोला विकास खंड के ब्लाक संसाधन केन्द्र परिसर में ब्लाक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ।
मशाल धावक की भूमिका गत वर्ष के राज्यस्तरीय ताइक्वान्डो विजेता इरशाद ने निभाई। बच्चों ने मुख्य अतिथियों के समक्ष मार्च पास्ट कर सलामी दी। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में 50 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में समीरा प्रथम व निधि द्वितीय रहीं। खो-खो बालक वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय चन्दरपुर प्रथम तथा इमिलिया द्वितीय स्थान पर रहे। लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी, गोला फेंक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने प्रतियोगिता को जीवंत बना दिया। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ करते मुख्य अतिथि विधायक विनय प्रकाश गोंड
कहा कि खेल से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व व टीम भावना का विकास होता है। खेलकूद से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मनोबल भी सशक्त होता है। विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की अन्तर्निहित प्रतिभा को निखारने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बीईओ खड्डा राजेश कुमार व नौरंगिय रजनीश द्विवेदी भी उपस्थित रहे।
आयोजक बीईओ डा. प्रभात चंद राय ने कहा कि खेल के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और यह शिक्षा का अभिन्न अंग है। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख दिग्विजय सिंह लक्ष्मण ने विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए व कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस मंच देने की आवश्यकता है।
प्रतियोगिता में सभी शैक्षिक संगठनों के पदाधिकारी, एआरपी, कार्यालय स्टाफ, ब्लाक व्यायाम शिक्षक व उनकी टीम उपस्थित रही। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रथम स्थान व टीम स्पर्धाओं में विजेता टीमों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता हेतु किया गया। ये प्रतिभागी आगामी आठ व नौ नवंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। आयोजक बीईओ डा. प्रभात चंद राय ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।





